फूलपुर कस्बे में बुधवार दोपहर रोडवेज बस से कुचलकर बाइक सवार तीन छात्रों की मौत हो गई। एक साथ तीन छात्रों का खून से लथपथ शव देख स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। अनहोनी की खबर पाकर छात्रों के घरवाले भी रोते-कलपते पहुंच गए। नाराज लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक फूलपुर कस्बे के मुख्य मार्ग पर आवागमन ठप रहा। किसी तरह पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। हादसे में मृत तीनों छात्र फूलपुर कस्बा स्थित जवाहर लाल मौर्य इंटर कॉलेज में 11वीं के छात्र थे। वे दोपहर की छुट्टी में घर खाना खाने जा रहे थे।
फूलपुर कस्बे में सराय मार्ग निवासी अफताब अहमद का पुत्र अरमान (16), कस्बे के ही गुलाब जायसवाल का बेटा रोहित (16) और शेखपुर के जुबैर का बेटा अब्दुल्ला (17) जवाहर लाल मौर्य इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा के छात्र थे। वे बुधवार को एक साथ अरमान की बाइक से स्कूल गए थे। दोपहर में लंच करने के लिए एक साथ स्कूल से घर के लिए निकले। अब्दुल्ला के घर से लगभग बीस कदम की दूरी पर फूलपुर ब्लॉक गेट के सामने जौनपुर से इलाहाबाद की आ रही बेकाबू रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
इससे छिटककर तीनों दोस्त सड़क पर गिरे और तेज रफ्तार बस उन्हें कुचलते हुए निकल गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग पहुंच गए। अरमान और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अब्दुल्ला की सांसें चल रही थीं। स्थानीय लोग उसे निजी अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी सांस थम गई। अनहोनी क ी खबर पाकर कुछ ही देर में छात्रों के घर वाले भी आ गए।
घटना से नाराज लोगों ने इलाहाबाद-जौनपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिसके चलते आवागमन ठप हो गया। नाराज भीड़ ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुर्घटना के चलते स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा था। जाम की सूचना पर एसडीएम फूलपुर और सीओ फूलपुर एमपी सलोनिया, सीओ हंडिया राजवीर सिंह कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। लगभग दो घंटे बाद पुलिस प्रशासन ने भीड़ को समझाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।