साले को साथ लेकर रेलवे को चूना लगाने वाले रेल कर्मचारी को रेलवे सुरक्षा बल ने शुक्रवार को धर दबोचा। रेल कर्मचारी ट्रेन की कोचों से मेटल धातु वाले पुश कॉक निकालने का काम कर रहा था। पिछले दस दिनों से आरपीएफ ने गिरफ्तारी के जाल बिछाया था। रेलवे का सामान खरीदने के आरोप में झलवा के दुकानदार को भी आरपीएफ ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बताते हैं कि सूबेदारगंज में खड़ी होने वाली ट्रेनों के कोचों से पुश कॉक गायब हो रहे थे। आशंका थी कि इसमें रेलवे के ही कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है। आरपीएफ इंस्पेक्टर वीपी सिंह के मुताबिक सूबेदारगंज स्थित रेलवे आवास में रहने वाला तनवीर अहमद मैकेनिकल विभाग में ही तैनात है। वह अझुहा, कौशाम्बी निवासी छोटू उर्फ अदनान के साथ रेलवे का सामान चुराने और उसे ठिकाने लगाने में जुटा था।
अदनान उसका साला भी है। सुरागकशी के बाद आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर झलवा चौराहा स्थित मुकेश कुमार की दुकान पर छापेमारी की। यहां चोरी के 37 पुश कॉक भी मिल गए। इसके बाद टीम ने मुकेश पुत्र राज बहादुर को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ तीन आरपीयूपी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही रेलकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी लिखापढ़ी की गई है।