बुझ गया परिवार का चिराग, टूटा दुखों का पहाड़
इकलौते बेटे की मौत से परिवार का चिराग बुझ गया। वह दो बहन अंजली(21) और एकता(17) में अकेला भाई था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही बिलखती माता नीलम बेसुध हो गई। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
हंडिया थाना क्षेत्र के रावतपुर मानिकपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की भोर में अचानक सड़क पार कर रहे एक जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित ट्रैक्टर पलट गया जिससे गंभीर रूप से घायल चालक की अस्पताल में मौत हो गई। हंडिया थाना क्षेत्र के भिदिउरा बमैला गांव निवासी अशोककुमार हरिजन का बेटा आकाशकुमार (23) गांव के ही एक ट्रैक्टर स्वामी का ट्रैक्टर चालक था। बृहस्पतिवार की भोर में 5 बजे के करीब वह ट्रैक्टर लेकर रावतपुर (मानिकपुर) गांव के सामने से होकर गुजर रहा था।
अचानक सड़क पर आए जानवर को बचाने में ट्रैक्टर पलट गया। आसपास के लोगों द्वारा घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक को दी गई। मौके पर पहुंचे ट्रैक्टर स्वामी द्वारा घटना तथा चालक को अस्पताल ले जाने की जानकारी उसके परिवार को दी गई।गंभीर रूप से घायल चालक आकाश की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। कोतवाल ओमप्रकाश ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।