इलाहाबाद। शहर पश्चिमी के सुलेमसराय इलाके में मंगलवार को विशेष अभियान के दौरान जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से लैस भीड़ ने हमला बोल दिया। इसमें दो एसडीओ, जेई, लाइनमैन समेत चार लोग घायल हो गए। घायलाें को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। दूसरी ओर घटना के बाद विभागीय अधिकारियों की ओर से दो नामजद समेत छह आरोपी हमलावरों के खिलाफ धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी गई है।
बिजली विभाग की ओर से 50 हजार से अधिक के बकाएदारों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया है। इसी के तहत विभागीय टीम धूमनगंज इलाके में जांच करने पहुंची थी। टीम ने सुनील कुमार नामक व्यक्ति की वेल्डिंग की दुकान में जांच की। पता चला कि मीटर में छेड़खानी की गई है और 24 हजार का बिजली बिल बकाया है। बिजली बिल जमा कराने, कनेक्शन काटने को लेकर अभियंताओं और दुकान मालिक के बीच कहासुनी हो गई।
इस दौरान वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने भी दुकान मालिक का साथ दिया। मामला इस कदर बढ़ा कि जमा भीड़ ने लाठी, डंडे और लोहे की राड से टीम पर हमला बोल दिया। हमले में एसडीओ डीके सिंह, एसडीओ अविनाश कुमार पटेल, र्जेई बहादुर सिंह व लाइनमैन रंजीत समेत चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी तो धूमनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आईं हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर तमाम विभागीय अधिकारी धूमनगंज थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने सुनील कुमार और रवि समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि यह पहली घटना नहीं है जब विभागीय टीम पर हमला हुआ है। इससे पूर्व शिवकुटी और सोहबतिया बाग इलाके में जांच करने पहुंची टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया था।
बिजली अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव हैं हमले में घायल एसडीओ
हमले में घायल एसडीओ अविनाश कुमार पटेल बिजली अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव हैं। संगठन पदाधिकारी समेत विभागीय टीम पर हुए हमले को लेकर अभियंताओें में गहरा रोष है। अभियंताओं का कहना है कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन की होगी।