चुनाव आचार संहिता लागू होने के फौरन बाद जल्द ही भाजपा में शामिल होने की अफवाह से परेशान होकर शहर पश्चिमी की बसपा विधायक पूजा पाल रात में धूमनगंज थाने जा पहुंचीं। विधायक ने एक व्हाट्स एप ग्रुप एडमिन के खिलाफ झूठी खबर फैलाकर उनकी छवि धूमिल कर राजनैतिक नुकसान पहुंचाने की क ोशिश करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उन्होंने एसएसपी से भी फोन पर शिकायत करते हुए एफआईआर लिखकर कार्रवाई का आग्रह किया।
बुधवार रात करीब दस बजे विधायक पूजा पाल अपने करीबी अधिवक्ता उमेश पाल के साथ धूमनगंज थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने लिखा कि बुधवार दोपहर एक व्हाट्स एप ग्रुप पर मैसेज वायरल हुआ कि बसपा विधायक पूजा पाल के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। उनके जल्द ही भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। पूजा का आरोप है कि यह सब उनके राजनैतिक चरित्र के हनन और छवि धूूमिल कर चुनाव में नुकसान पहुंचाने की साजिश केत तहत किया जा रहा है।
इससे पहले भी पिछले महीने अफवाह फैलाई गई थी कि पिछला वर्ग सम्मेलन स्थगित किया जाएगा और वह इसमें नहीं शामिल होंगी। जबकि ऐसा कुछ नहीं था। विधायक पूजा ने तहरीर में ग्रुप एडमिन एमके कुशवाहा का नाम देते हुए मुकदमा लिखकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। धूमनगंज थाना प्रभारी बेचन सिंह सिरोही ने बताया कि मुकदमा लिख लिया गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।