माफिया अतीक अहमद के भाई एवं पूर्व विधायक अशरफ की तलाश में इलाहाबाद पुलिस ने दूसरे प्रातों की पुलिस से भी संपर्क साधा है। प्रदेश स्तर पर बने इंटर स्टेट प्रकोष्ठ के माध्यम से मदद मांगी जा रही है। स्थानीय स्तर पर मिलीं खुफिया रिपोर्ट के आधार पर उसकी तलाशी में महाराष्ट्र खासतौर से मुंबई, गुजरात पश्चिम बंगाल (कोलकता), बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली पुलिस से मदद मांगी है। इन स्थानों की पुलिस को अशरफ के फोटो, ब्लड ग्रुप तथा अन्य डिटेल भेज दी गई है। जिनके आधार पर पता लगाने को कहा गया है। आज भी इलाहाबाद, कौशांबी, प्रतापगढ़, लखनऊ सहित कई शहरों में उसकी तलाश के लिए छापामारी की गई।
पूर्व विधायक राजूपाल की हत्या के आरोपी अशरफ की जमानत खारिज करने के लिए होईकोर्ट में एप्लीकेशन लगी हुई है। जिस पर 11 जुलाई को सुनवाई होनी है। इस प्रकरण में हाईकोर्ट ने अशरफ की पेशी के लिए समन जारी किया गया था। जिसे एसएसपी इलाहाबाद को तामील कराने के निर्देश दिए थे। उसके घर पर कई बार थाना धूमनगंज की पुलिस गई थी लेकिन वह नहीं मिला। घर पर उसके न मिलने की स्थिति में थाना धूमनगंज पुलिस ने उसके घर पर समन चस्पा कर दिया था। पेशी के बारे में हाईकोर्ट का आदेश होने के कारण इस मामले में पुलिस गंभीर है। उसके अधिकांश परिजन और रिश्तेदारों के यहां इलाहाबाद पुलिस ने दूसरे शहरों में भी पड़ताल करा ली है।
अशरफ के सभी नंबर स्विच आफ हो गए हैं। ऐसे में उसके परिजनों के नंबरों को सर्विलांस पर लगा रखा है। खुफिया रिपोर्ट के अनुसार अशरफ परिजनों से नए नंबर पर बात कर रहा है। खुफिया सूत्रों ने यह भी जानकारी दी थी कि वह दूसरे स्थानों पर कुछ दिन के लिए ठिकाना बना रहा है। जहां का पता चल जाता है, वहां से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो जाता है। इसीलिए उसके बारे में सात राज्यों की पुलिस से संपर्क साधा गया है। उसका फोटो, ब्लड ग्रुप तथा अन्य जानकारियां दूसरे राज्यों की पुलिस को भेजी हैं। जिससे कि उसकी आसानी से पहचान कराई जा सके।