जार्जटाउन के अल्लापुर में बृहस्पतिवार रात एक बार फिर जमकर बवाल हुआ। यहां बाइक पर सवार होकर पहुंचे लगभग एक दर्जन युवकों ने जमकर तांडव मचाया। घर पर पथराव के साथ ही फायरिंग भी की। इस दौरान युवती चोटिल भी हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग निकले। भुक्तभोगी परिवार ने थाने में तहरीर दी है।
परशुराम अल्लापुर में बाघंबरी के पास स्थित ऊंटवाली गली में रहते हैं। उनकी बेटी सपना ने बताया कि बृहस्पतिवार रात आठ बजे के करीब वह दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान वहां बाइकों पर सवार होकर करीब एक दर्जन युवक पहुंचे। उनके हाथों में असलहे थे। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही एक युवक ने उसे तमंचा सटा दिया। इसके बाद अन्य युवकों ने उसके घर पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। मोहल्लेवाले दौड़े तो हमलावरों ने एक के बाद एक पांच राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। सपना का कहना है कि किसी तरह घर के भीतर भागकर उसने अपनी जान बचाई। इस दौरान पत्थर लगने से उसके पैर में चोट भी आई।
उधर सरेआम फायरिंग, पथराव से मोहल्ले के लोग भी खौफजदा हो गए। सपना ने सूचना दी तो पीआरवी 90 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि युवक तब तक भाग निकले। इसके बाद घटना की जानकारी मिलने पर जार्जटाउन पुलिस पहुंची और पूछताछ के बाद लौट गई। उधर युवकों के जाने के बाद भुक्तभोगी युवती व उसका पिता थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाने में भी युवती दहशत में दिखी। युवती ने बताया कि हमलावर युवक उसके भाई को मारने की नीयत से आए थे। जो इस वक्त नानी के घर पर है। घटना के वक्त घर में वह और उसके पिता ही थे। आरोप लगाया कि हमलावरों में नया गांव व हादीगंज के युवक शामिल थे। जार्जटाउन इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि भुक्तभोगी युवती की तहरीर पर रितेश व उसके साथियों आनंद, वीरू व साजन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
अल्लापुर में बवाल की यह पांच दिन के भीतर दूसरी वारदात है। 18 अगस्त को भी यहां दो गुटों में भिड़ंत के बाद जमकर मारपीट हुई के बाद ईंट-पत्थर चले थे। इस दौरान एक बाइक फूंक दी गई थी। रात 11 बजे के करीब हादीगंज में हुई इस घटना से दहशत फैल गई थी। यह भी बात सामने आई थी वर्चस्व की लड़ाई में दोनों पक्षों में भिड़ंत हुई। बाद में एक पक्ष की तहरीर पर दो युवकों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया था।