एनएच-2 हंडिया-कोखराज बाईपास टोलप्लाजा नवाबगंज पर ओवरलोड ट्रक से टैक्स की पर्ची कटाने को लेकर हुई बहस के दौरान बोलेरो सवार बदमाशों ने बूथ से खींचकर टोल कर्मी की पहले पिटाई की फिर उसे गोली मार दी। थाना नवाबगंज से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर हुई घटना की जानकारी पाकर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल टोल कर्मी को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नवाबगंज के धरणीधर का पुरा गांव निवासी धीरज तिवारी (25) टोल प्लाजा नवाबगंज में टिकट कलेक्टर के पद पर कार्यरत है। गुरुवार दिन में लगभग 3:30 बजे वह अपने ड्यूटी पर था। तभी एक चालक ने बालू लदा ओवरलोड ट्रक खड़ा कर दिया। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने सही ढंग से गाड़ी लगाने को कहा, लेकिन वो पीछे नहीं हटा। इसके बाद पर्ची काटने से मना किया, तो ट्रक चालक व टोलप्लाजा कर्मचारियों से बहस शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि टोल कर्मियों ने ट्रक के ओवरलोड होने की बात कहते हुए पर्ची कटाने को कहा लेकिन ट्रक चालक नहीं माना। विवाद के दौरान ही कौड़िहार की ओर से एक बोलेरो से दो लोग पहुंचे और धीरज तिवारी को बूथ से खींच कर बाहर निकाला। बेरहमी से पिटाई करते हुए सीने व पेट के बीच में गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। लोगों ने ईंट-पत्थर लेकर दौड़ाया तो बदमाशों ने दूसरी गोली दाग दी, जो मिस कर गई। इस बीच बगीचे की रखवाली कर रहा माली अवध नारायण व विंडोमैन ने शोर मचाया तो बदमाश अपनी बोलेरो मोड़कर इलाहाबाद की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंचे सीओ सोरांव जितेंद्र गिरी व इंस्पेक्टर नवाबगंज शिशु पाल शर्मा ने टोल प्लाजा पर हुई घटना की जानकारी ली और सीसीटीवी के वीडियो की तहकीकात की। धीरज तिवारी चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। मनोज कुमार, प्रमोद कुमार व छोटा भाई नीरज उसको लेकर एसआरएनअस्पताल पहुंचे, जहां घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।