सुलेमसराय इलाके में जीटी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार रात कहासुनी के बाद नशे में धुत चौकी प्रभारी ट्रांसपोर्ट नगर भूपेंद्र सिंह ने ट्रक ड्राइवर पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। दरोगा की इस हरकत से पेट्रोल पंप पर खलबली मच गई। लोगों ने दरोगा को घेर लिया क्योंकि खतरा था कि कहीं वह गोली न चला दे। लोगों का कहना था कि दरोगा नशे में है। पेट्रोल पंप पर हंगामा होने की सूचना पाकर धूमनगंज थाने की पुलिस वहां पहुंची और दरोगा को काबू में किया। उसे किसी तरह धूमनगंज थाने ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर से मामले की रिपोर्ट मांगी। देर रात दरोगा को निलंबित दिया गया।
सोमवार रात तकरीबन दस बजे की घटना है। धूमनगंज थाने के ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह बाइक पर सुलेमसराय में जीटी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उस वक्त मशीन के सामने एक ट्रक खड़ा था। उन्होंने ट्रक चालक को हड़काते हुए कहा कि वह ट्रक को थोड़ा पीछे करे। पहले वह अपनी बाइक में पेट्रोल भराएंगे। ड्राइवर ने कहा कि वह ट्रक में डीजल भरा चुका है। पैसे देकर ट्रक ले जाएगा। बस कुछ पल रुक जाएं। मगर मौके पर मौजूद रहे लोगों के मुताबिक दरोगा ने तैश में आकर ड्राइवर को गालियां दीं और धमकाते हुए फौरन ट्रक हटाने को कहा। ड्राइवर ने फिर कहा कि वह बस ट्रक लेकर जाने वाला है लेकिन दरोगा ने उसे बुरा-भला कहते हुए पिस्टल निकाल ली। वर्दीधारी दरोगा के हाथ में पिस्टल देख दरोगा समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।
ड्राइवर भागा तो दरोगा ने उसे दौड़ा लिया हालांकि वहां मौजूद रहे लोगों का कहना है कि दरोगा इस कदर नशे में थे कि चल भी नहीं पा रहे थे।
शोरगुल पर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी जुट गए। लोगों ने दरोगा को घेरा और 100 नंबर पर सूचना दी। किसी ने एसएसपी को भी फोन पर इस घटना के बारे में बताया। यूपी 100 की पीआरवी के साथ ही धूमनगंज थाने की पुलिस पहुंच गई। मगर दरोगा सहकर्मियों से भी उलझ गया। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में किया और धूमनगंज थाने ले गए। भीड़ में मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी बना ली। वह बार-बार अपनी पैंट पकड़ रहा है तो कभी पिस्टल निकाल लेता है। दरोगा को थाने ले जाकर बैठाया गया। थाना प्रभारी अरुण त्यागी ने बताया कि उन्होंने एसएसपी को रिपोर्ट भेजी है।