कोरांव(ब्यूरो)। मौत का कोई भरोसा नहीं वह कहीं भी और किसी भी परिस्थिति में आ सकती है। सड़क चलते, प्राकृतिक आपदा या किसी और कारण से, यहां तक कि सोते-सोते भी। ऐसी ही एक हृदय विदारक घटना मंगलवार रात पसना गांव में सामने आई जहां निद्रामग्न मां-बेटे को एक जहरीले सांप ने डंस लिया ओर कुछ ही देर में देखते ही देखते दोनों की मौत हो गई। घटना से समूचे गंाव में शोक की लहर दौड़ गयी।
मिजार्पुर की रहने वाली रीना (32)का विवाह 12 वर्ष पूर्व पसना गांव के अर्जुन के साथ हुआ था। तीन बेटों व दो पुत्रियों के साथ परिवार में अर्जुन के पिता भी थे। मंगलवार रात परिवार गर्मी और उमस के चलते घर के बाहर सोया हुआ था। अर्जुन का सबसे बड़ा पुत्र आदर्श (7) अपनी मां के साथ सो रहा था। देर रात बूंदा-बांदी होने लगी तो सभी घर के अंदर चले आए। रीना भी आदर्श को लेकर कमरे की फर्श पर लेट गई।
बाकी बच्चे बाबा व पिता के साथ सो गए। फर्श पर सो रहे मां-बेटे को किसी जहरीले सांप ने डंस लिया। सर्प के काटने के बाद रीना उठी और रोने लगी। उसने परिजनों को इस बात की जानकारी दी। देखते-देखते मां-बेटे की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन दोनों के ग्रामीण उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।