इलाहाबाद। शहर के खुल्दाबाद इलाके में डीएसए ग्राऊंड के पास बृहस्पतिवार शाम बदमाशों ने स्कूटी सवार मां-बेटी से बैग छीनकर बाइक पर भागे मगर मां-बेटी ने हिम्मत का परिचय देते हुए स्कूटी से ही पीछा कर बाइक सवार बदमाशों को घेर लिया। दोनों ने एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि दूसरा बदमाश बाइक पर भाग निकला। लोगों ने पकड़े गए बदमाश को लोगों ने पीटकर बैग छीना और खुल्दाबाद थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।
राजरूपपुर में रहने वाले सीएन शुक्ला की बेटी डॉली शुक्ला मायके आई हुई हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह मां मंजू मिश्रा के साथ स्कूटी पर किसी आश्रम के लिए घर से निकली थीं। वे दोनों अग्रसेन इंटर कॉलेज के आगे पहुंचीं तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश बराबर में आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाशों ने मंजू के हाथ से बैग छीन लिया। इस पर मंजू चीखीं तो डॉली ने स्कूटी से बाइक पर भाग रहे दोनों बदमाशों का पीछा कर लिया।
कुछ दूर जाकर लीडर रोड ओवरब्रिज के बगल में डॉली की स्कूटी बदमाशों की बाइक के बगल में पहुंचीं तो मां मंजू ने पीछे बैठे बदमाश का कॉलर पकड़ लिया। खींचतान में दोनों बदमाश बाइक समेत गिर गए। तब भी मंजू ने बदमाश का कॉलर नहीं छोड़ा और चीख-पुकार करती रहीं। यह देख आसपास मौजूद लोग और राहगीर जुटे, लेकिन इतनी देर में मौका पाकर दूसरा बदमाश बाइक पर भाग निकला।
पकड़े गए बदमाश को लोगों ने पीटा और पुलिस को खबर दी। उससे बैग लेकर मंजू को वापस कर दिया गया। कुछ देर में पुलिस ने आकर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। खुल्दाबाद थाना प्रभारी समीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरे का नाम साहबजादे है। वह बख्शी बाजार का रहने वाला है। दूसरा बदमाश भैयन मीरापुर सब्जी मंडी का है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने डॉली और मंजू की तारीफ की जिनके साहस से बदमाश दबोचा गया।