थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक विवाहिता की गैंगरेप के बाद गला घोट कर हत्या कर दी गई। कैथवल पेट्रोल पंप के समीप बृहस्पतिवार की सुबह विवाहिता की निर्वस्त्र लाश पड़ी मिली, शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मौके पर शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विवाहिता के कातिलों की तलाश शुरू कर दी है।
खीरी थाना क्षेत्र के कैथवल पेट्रोल पंप के समीप खेत में एक विवाहिता की लाश पड़ी मिली। खेत की ओर गए गांव के लोग विवाहिता का निर्वस्त्र शव देख सन्न रह गए। कातिलों ने शराब के नशे में विवाहिता के साथ सामूहिक दुराचार करने के बाद उसी के साड़ी से गला घोट मौत के घाट उतार दिया था। घटना की सूचना मिलते ही खीरी एसओ पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। पुलिस को शव के समीप देसी शराब की तीन खाली शीशी के साथ तीन गिलास, तीन समोसे और आम के साथ एक चद्दर भी बरामद हुई है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शराब पीने के बाद कातिलों ने विवाहिता की अस्मत लूटने के बाद उसकी हत्या की है। एसओ उमेश कुमार पांडेय का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।