इंडियन गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षिकाओं के उत्पीड़न की शिकायत के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गठित जांच कमेटी ने बृहस्पतिवार को अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी। सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान शिक्षिकाओं की ओर से लगाए आरोप को सही पाते हुए जांच टीम के सदस्यों ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। सूत्रों का कहना है कि शिक्षिकाओं ने प्रबंधक पर अभद्र आचरण के साथ पैसा वसूलने का आरोप लगाया था, जांच में इसकी पुष्टि हुई है।
इंडियन गर्ल्स इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं के आरोप के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय देवी प्रसाद त्रिपाठी ने पहले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटरा की प्रधानाचार्या ज्योत्सना सिंह के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया था। शिक्षिकाओं ने इस जांच कमेटी को नकार दिया था। इंडियन गर्ल्स इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं ने तीन दिन पहले जिलाधिकारी से मिलकर मजिस्ट्रेट से जांच कराने की मांग की थी। शिक्षिकाओं की मांग पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट विश्वभूषण मिश्र के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया था। जांच कमेटी में एएसडीएम रत्नप्रिया मिश्रा और जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा शामिल थे।
इंडियन गर्ल्स स्कूल की शिक्षिकाओं ने प्रबंधक पर अभद्र आचरण करने, समय-समय पर पैसे की मांग करने और सर्विस बुक में गड़बड़ी की धमकी देने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रबंधक, स्कूल की प्रशासनिक अधिकारी और वर्तमान प्रधानाचार्या पर मनमानी का आरोप लगाया था। जांच टीम जब बुधवार को विद्यालय पहुंची तो शिक्षिकाओं ने प्रबंधन और प्रधानाचार्य पर आरोप की बौछार कर दी, जांच टीम ने जब शिक्षिकाओं की सर्विस बुक मांगी तो प्रबंधक के खिलाफ आरोप लगाने वाली शिक्षिका की सर्विस बुक विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम भूषण के पास नहीं मिली, सर्विस बुक विद्यालय के प्रबंधक के घर मिली।
प्रयागराज। इंडियन गर्ल्स स्कूल की शिक्षिकाओं के आरोप पर यदि प्रबंधक, पूर्व प्रधानाचार्या और प्रधानाचार्या पर कार्रवाई नहीं की गई तो उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांच नवंबर को शिक्षण कार्य का बहिष्कार करेगा। उन्होंने प्रबंधक की गिरफ्तारी और पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कार्य बहिष्कार के साथ शिक्षक धरना प्रदर्शन करेंगे और सड़क जाम करेंगे और आवश्यक हुआ तो गिरफ्तारी भी देंगे। बैठक में स्कूल की शिक्षिकाओं के साथ शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष राम प्रकाश पांडेय, अनुज पांडेय, महेश दत्त शर्मा, अनय प्रताप सिंह, कुंज बिहारी मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के संरक्षक, सदस्य विधान परिषद डॉ. यज्ञदत्त शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश कुमार शर्मा ने इंडियन गर्ल्स इंटर कालेज की शिक्षिकाओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए आरोपी प्रबंधक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिक्षिकाओं के समर्थन में पांच नवम्बर को शिक्षक संघ द्वारा विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रखने के आह्वान का समर्थन करते हुए जनपद के सभी प्रधानाचार्यों से शिक्षण स्थगित रखने की अपील की है। परिषद के अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को शिक्षा विभाग के लिए शर्मनाक बताया। कहा कि प्रबंधक के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक उसे गिरफ्तार न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रबंधक को प्रबंध समिति से हटाने सहित उसकी गिरफ्तारी तक शिक्षकों का आंदोलन जारी रहेगा।