यमुनापार के जारी बाजार में शनिवार सुबह बेकाबू मैजिक ने कारोबारी समेत दो को कुचल दिया। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय सांस थम गई। टक्कर मारने के बाद मैजिक एक मकान से टकरा गई। हादसे के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। कारोबारी और युवक के घर कोहराम मच गया।
जारी बाजार के रहने वाले सिकंदर अली (40) कारोबारी थे। बाजार में उनकी जूता-चप्पल, कॉस्मेटिक की दुकान है। वह ट्रेवेल्स का काम भी करते थे। उनके पड़ोस में ऋषि शुक्ला (35) निवासी खरिहानी, सोहागी रींवा पत्नी और एक बच्चे के साथ किराए पर रहता था। वह सड़वा जेपी फैक्ट्री में स्टोर सहायक था। शनिवार सुबह लगभग पौने छह बजे सिकंदर घर से टहलने के लिए निकले। तभी ऋषि शुक्ला भी घर से निकला। दोनों लोग बात करते हुए कुछ कदम ही चले थे कि रीवा की ओर से आ रही बेकाबू मैजिक ने दोनों को कुचल दिया।
मैजिक की चपेट में आकर ऋषि की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सिकंदर अली गंभीर रूप से घायल थे। कुचलने के बाद मैजिक एक मकान से जाकर भिड़ गई। मैजिक चालक और कंडक्टर भी मामूली रूप से जख्मी हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर बाजार के लोग बाहर निकले।
सड़क पर दो लोगों को खून से लथपथ देख भागकर पहुंचे। सिकंदर की सांस चलते देख उसे लेकर अस्पताल ले गए लेकिन रास्ते में कारोबारी ने दम तोड़ दिया। दो की लोगों की मौत से बाजार में मातम छा गया। सूचना पर कौंधियारा पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिकंदर के दो बेटे और दो बेटियां हैं। जबकि पत्नी यास्मीन की आंखों से आंसू रुक नहीं रहे थे। वहीं ऋषि की पत्नी दीप्ति का भी रो-रोकर बुरा हाल था। शाम को पोस्टमार्टम के बाद ऋषि के घरवाले उसका शव लेकर गांव चले गए।
मैजिक चालक शुक्रवार रात को इलाहाबाद से सामान लादकर एक अफसर के घर पहुंचाने रींवा गया था। वह सामान उतारने के बाद तुरंत इलाहाबाद के लिए चल दिया। रात में वह सोया नहीं था। सुबह के समय वह जारी बाजार पहुंचा तो उसे झपकी आ गई थी। घटना के बाद उससे हादसे की वजह पूछी गई तो वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। उसका कहना था कि उसे कुछ याद नहीं है। दो लोगों को कुचलने के बाद मैजिक एक घर से टकरा गई थी।