मऊआइमा इलाके में शनिवार शाम बेकाबू मैजिक ने सात साल की मासूम को रौंद दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मैजिक छोड़कर फरार हो गया। जबकि मैजिक मालिक को पकड़ लिया गया। मऊआइमा पुलिस खबर पाकर मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ।
मऊआइमा में शेखपुर का रामचंद्र पटेल खेती करता है। वह बेटी अंजनी (7) के साथ नौगीरा चौराहे आया था। वह रात में लौट रहा था। सड़क पार करते समय बेकाबू मैजिक ने पैदल सड़क पार कर रही अंजनी को कुचल दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक मैजिक लेकर भागा तो लोगों ने दौड़ा लिया। कुछ दूर जाने के बाद चालक मैजिक छोड़कर भाग निकला। भीड़ ने मैजिक में बैठे मालिक अच्छे को पकड़ लिया। हादसे की खबर पाकर मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटी की मौत से रामचंद्र का रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कहता रहा कि आंखों के सामने बेटी की मौत हो गई और वह उसे बचा नहीं पाया। अंजनी के मौत की खबर सुनकर मां अचेत हो गई।