शहर में चोरों का आतंक किस कदर बढ़ गया है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कोतवाली और एसपी सिटी आफिस के ठीक सामने साड़ी की एक दुकान की दीवार तोड़कर लाखों का माल उड़ा दिया गया। इतना ही नहीं, वहां से बमुश्किल 100 मीटर दूर घंटाघर पर भी एक साड़ी की दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये कीमत की साड़ियों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सूचना पर एएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
चौक बजाजा पट्टी के रहने वाले सैफ अहमद की कोतवाली के सामने सुहाग साड़ी के नाम से बड़ी दुकान है। मंगलवार की रात चोरों ने सैफ की दुकान की पहली मंजिल पर दीवार में सेंध फोड़ी और अंदर घुस गए। उन्होंने लाखों की साड़ियां और नकदी पर हाथ साफ किया और आराम से वहां से निकल गए। न तो कोतवाली में पहरे पर तैनात सिपाहियों की नजर गई न ही गश्त करने वाले सिपाहियों की। सुबह सैफ दुकान पहुंचे तो चोरी के बारे में पता चला। अंदर रंभा, संसा और चोरी करने की तमाम चीजें बरामद हुईं। उन्होंने तुरंत कोतवाली में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अभी वहां तफ्तीश कर ही रही थी कि पता चला कि बमुश्किल 100 मीटर दूर घंटाघर पर स्थित सांवरिया साड़ी दुकान में भी सेंध लग गई। दुकान मालिक सर्वेश अग्रवाल दुकान पर पहुंचे, तब उन्हें भी जानकारी हुई। एएसपी विनीत जायसवाल को सूचना हुई तो वे खुद फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सर्वेश की दुकान में भी उसी तरह चोरी हुई थी जैसे सैफ की दुकान में। ऐसा लग रहा था कि चोरों के एक ही गिरोह ने दोनों घटनाओं को अंजाम दिया। इसी तर्ज पर चोरों के गिरोह ने कुछ दिन पहले सिविल लाइंस में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर हाथ साफ किया था।
कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि रात की गश्त बढ़ाने के लिए अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। चोरी में पहले जेल गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।