जार्जटाउन क्लब के सामने हाईकोर्ट के अधिवक्ता राकेश गुप्ता के मकान में चोरों ने शनिवार रात सेंध लगाकर लूटपाट की। परिजनों के जगने पर भी दुस्साहसी चोर दरवाजा बाहर से बंदकर समान समेटते रहे। शोर मचाने पर वे अधिवक्ता को असलहे दिखाते भाग गए। पुलिस ने आने में काफी देर कर दी।
अधिवक्ता राकेश गुप्ता के मकान में बदमाश शनिवार रात करीब दो बजे बाउंड्री फांदकर आए, फिर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे। करीब तीन बजे परिजनों को कुछ खटपट का अहसास हुआ। राकेश बेडरूम से निकले तो घर में करीब चार बदमाशों के होने का पता चला। बदमाश उनके दफ्तर के दरवाजे की सिटकनी तोड़कर लॉबी में आए और उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंदकर लूटपाट करने लगे। अधिवक्ता ने शोर मचाने के साथ ही 100 नंबर पर सूचना दी तो बदमाश बाहर की तरफ भागे। राकेश बाथरूम के दूसरे दरवाजे से कमरे में आए तो बदमाश उन्हें तमंचा दिखाते हुए बाऊंड्री फांदकर फरार हो गए। 100 नंबर पर फोन करने के करीब 20 मिनट बाद 100 डायल की गाड़ी में पुलिस पहुंची। फिर जार्जटाउन थाने से भी पुलिस आ गई मगर इतनी देर में बदमाश भाग निकले थे।
अधिवक्ता के दफ्तर में भी कागजात बिखरे थे। आलमारी आदि से चोरों ने सामान बटोरे थे। पुलिस को बताया कि चोरों ने पर्स में रखे 30 हजार रुपये, चांदी के सिक्के, मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का आईडी कार्ड, सोने की चेन और कुछ कपडे़ भी चुरा लिए हैं।