यमुनापार के मांडा इलाके से 16 साल की लड़की को अपहरण कर ले जा रहे 48 साल के अधेड़ को मेजा थाने की पुलिस ने शनिवार शाम दबोच लिया। वह उसे स्कूटर पर ले जा रहा था। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मेजा पुलिस ने उन दोनों को मांडा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस को शक है कि किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर अपहरण करने वाला यह शख्स उसे किसी गिरोह को बेचने की फिराक में था।
मांडा इलाके की यह लड़की शुक्रवार शाम से लापता थी। उसके पिता ने मांडा थाने जाकर भदोही जिले में ज्ञानपुर निवासी मकसूद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तब से परिजन भी पुलिस के साथ उन दोनों को खोज रहे थे। शनिवार शाम मेजा रोड चौकी प्रभारी अवध बिहारी शुक्ला को कहीं से सूचना मिली कि मकसूद लड़की को स्कूटर पर बैठाकर लखनपर गांव की तरफ गया है। इस पर चौकी प्रभारी शुक्ला सादे कपड़ों मं साइकिल से वहां पहुंच गए। सिपाहियों को भी वहां बुला लिया।
पुलिस ने स्कूटर समेत मकसूद को पकड़कर लड़की बरामद कर ली। लोगों को अधेड़ उम्र मकसूद की करतूत पता चली तो उन्होंने हमला बोलकर उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह पुलिसवाले उसे बचाकर मेजा चौकी ले गए। वहां खबर पाकर लड़की का पिता भी आ गया। लड़की ने कहा कि वह उसे जबरन साथ ले गया था और धमकी दी थी। हालांकि पुलिस को जांच में पता चला है कि यह व्यक्ति लड़की को प्रेमजाल में फँसाकर ले गया था। उसका इरादा उसे कहीं बेचने का था। शनिवार को वह स्कूटर किसी रिश्तेदार के घर में खड़ा करने के बाद लड़की को बस से बाहर ले जाने वाला था तभी पकड़ में आ गया। उन दोनों को मांडा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।