फूलपुर। फूलपुर रेलवे क्रॉसिंग के जाम ने करंट के झुलसे एक बच्चे की जान ले ली। सोमवार दोपहर परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जा रहे थे इस दौरान क्रॉसिंग पर लगे भीषण जाम में फंसे घायल कौनेन ने तड़प-तड़पकर एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मैलहन गांव का रहने वाला मो. कौनेन (11) पुत्र हसीन खां सोमवार दोपहर घर में फर्राटा फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। वह गांव के ही स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। झुलसे छात्र को इलाज के लिए एंबुलेंस से फूलपुर लाया जा रहा था लेकिन वाहन रेलवे क्रॉसिंग पर लगे भीषण जाम में फंस गया।
काफी देर तक गाड़ी जाम में फंसी रही और करंट से झुलसा कौनेन एंबुलेंस में ही तड़पता रहा। इसी बीच कस्बे के रहने वाले दो युवकों से उसका तड़पना देखा नहीं गया तो उन्होंने उसे गाड़ी से उतारा और बाइक पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूलपुर लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने गहन जांच-पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शाम को छात्र के शव का दफन कर दिया। बता दें कि दो वर्ष पूर्व इसी गांव की बफातन (45) को सांप ने डस लिया था जिसके बाद उसे प्राइवेट वाहन से फूलपुर ले जाया जा रहा था। लेकिन फाटक पर जाम में फंसकर उसने भी दम तोड़ दिया था।