नैनी। सीओडी छिवकी स्थित स्कूल में बृहस्पतिवार को सातवीं कक्षा के छात्र पर आठवीं के छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। वह स्कूल बैग में चाकू लेकर आया था। उधार दिए पैसे वापस मांगने पर उसने जूनियर छात्र को चाकू मारा जिससे उसके हाथ में चोट पहुंची। इलाज के बाद छात्र को घर पहुंचा दिया गया। परिवार के लोगों या स्कूल की ओर से नैनी थाने में इस घटना की शिकायत नहीं की गई है।
मुंडी चक निवासी रामसुंदर प्रजापति का पुत्र नयन उर्फ शिवम (13) सीओडी छिवकी परिसर स्थित ब्वायज इंटर कॉलेज में सातवीं कक्षा का छात्र है। बृहस्पतिवार सुबह तकरीबन दस बजे वह स्कूल में था तभी आठवीं कक्षा के छात्र से उसकी कहासुनी हो गई। बृहस्पतिवार को वह छात्र स्कूल में चाकू लेकर आया था। उनके बीच झगड़े के दौरान नयन ने चाकू पकड़ लिया। खींचतान में उसकी हथेली कट गई। इस पर स्कूल में खलबली मच गई।
शिक्षक भी आ गए। घायल नयन को सीएचसी चाका ले जाया गया। वहां इलाज कराकर उसे घर पहुंचा दिया गया। इस घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की गई। प्रधानाचार्य दुर्गविजय यादव ने फोन पर बताया कि वह छुट्टी पर हैं और उन्हें स्कूल से घटना की जानकारी नहीं मिली है। नयन के घरवालों से बातचीत में पता चला कि उसने हमलावर छात्र को कुछ दिन पहले पैसे उधार दिए थे। पैसे वापस मांगने पर ही उसने यह हमला किया है।