इलाहाबाद। कोतवाली के चंद्रलोक सिनेमा के पास बृहस्पतिवार दोपहर परीक्षा में फेल होने पर नौवीं की एक छात्रा ने दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मां-बाप जब घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और काफी आवाज देने के बाद भी नहीं खुला। अनहोनी आशंका से सहमे पिता ने पड़ोसियों को बुलाया तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे का नजारा देख मां-बाप की आंखों से आंसू निकल आए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली के चंद्रलोक सिनेमा के पीछे वाली गली में रहने वाले सुब्रतो गुप्ता एक कोचिंग में नौकरी करते हैं। उनकी इकलौती बेटी गुरना(15) एक अंग्रेेजी स्कूल में नौवीं की छात्रा थी। परीक्षा में एक पेपर में सप्लीमेंट्री आने पर सुब्रतो ने फटकार लगाई थी। 23 तारीख को सप्लीमेंट्री परीक्षा का पेपर होना था। दोपहर में पिता डॉक्टर को दिखाने और मां बैंक चली गई। घर में अकेली गुरना ने कमरा बंद कर दुपट्टे से पंखे के चुल्ले में फांसी लगाकर लटक गई।
पिता घर लौटे तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और बुलाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर पड़ोसियों को बुलाया और दरवाजा तोड़ा। कमरे में इकलौती बेटी को फांसी पर लटकते देख सुब्रतो चीख पड़े। इकलौती बेटी की मौत से मां सुजाता और पिता सुब्रतो का रोकर बुरा हाल था। सुब्रतो तो यकीन ही नहीं कर पा रहे हैं कि इतनी सी बात पर उनकी लाडली बेटी इतना नाराज होगी कि सुसाइड कर लेगी।