सिविल लाइंस में कानपुर रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने किसान पिता-पुत्र से साढ़े तीन लाख रुपये छीन लिए। दोनों बैंक आफ बड़ौदा से रुपये निकालकर 100 मीटर बढ़े होंगे कि पल्सर सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक की तस्वीर मिली है। उसी के आधार पर बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।
मानपुर रोड लालापुर के रहने वाले श्याम द्विवेदी किसान हैं। उनके बेटे दिलीप भी खेतीबारी में हाथ बंटाते हैं। श्याम ने कुछ दिन पहले किसी से साढ़े तीन लाख रुपयों में खेत खरीदने का सौदा किया था। उसी का पैसा निकालने के लिए मंगलवार को श्याम और दिलीप कानपुर रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा की पीडी टंडन पार्क शाखा आए थे। साढ़े तीन लाख रुपये निकालने के बाद दोनों करीब साढ़े 11 बजे बाइक से निकले। बाइक दिलीप चला रहे थे। श्याम रुपयों से भरा बैग बीच में रखकर श्याम पीछे बैठे थे। दोनों तकरीबन 100 मीटर दूर पहुंचे होंगे कि पल्सर सवार दो बदमाशों ने बाइक उनके बगल में लगा दी। श्याम को कुछ शक हुआ लेकिन उससे पहले ही पल्सर पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया और तेजी से आगे बढ़ गए। दिलीप और श्याम हक्के बक्के रह गए। चीख पुकार के बाद वहां भीड़ लग गई। पुलिस को सूचना दी गई।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पल्सर गाड़ी की चेकिंग के लिए वायरलेस किया गया। चेकिंग हुई लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। इंस्पेक्टर बचन सिंह सिरोही ने बताया कि आस पास के एरिया के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। पल्सर से जा रहा एक संदिग्ध युवक दिखा है। वादी ने उसे हुलिये और कद काठी से पहचाना है। उसी की खोजबीन की जा रही है।
सिविल लाइंस में कानपुर रोड पर पिता पुत्र से छिनैती के मामले में प्रारंभिक तफ्तीश के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि बदमाशों ने बैंक ही उनकी रेकी की थी। संभवत: बदमाश या फिर उनका कोई साथी बैंक में उस वक्त मौजूद था जब श्याम ने रुपये निकाले। सिविल लाइंस पुलिस ने इस संबंध में बैंक जाकर तफ्तीश की है।