इलाहाबाद (ब्यूरो)। जार्जटाउन में मेडिकल चौराहे के पास बुधवार रात चोरों ने रिटायर्ड शिक्षिका के घर से नगदी समेत लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान में पीछे के रास्ते से खिड़की की ग्रिल काटकर दाखिल हुए और चोरी कर फरार हो गए। पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।
मेडिकल चौराहे के पास रहने वाली सरिता राय रिटायर्ड शिक्षिका हैं और घर में तीन बेटियों के साथ रहती हैं। रात मेेेेेेें खाना खाने के बाद घरवाले आगे के एक कमरे में सो गए। चोरों ने घर के भीतर दाखिल होने के लिए खिड़की की ग्रिल को काटा। फिर पीछे के कमरे में घुसे और अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी में रखे पांच लाख रुपये के जेवर और 20 हजार नगदी लेकर चंपत हो गए। सरिता की सुबह नींद खुली तो चोरी का पता चला।
चोरों ने पूरे कमरे का सामान बिखेर कर रख दिया था। खबर पाकर पुलिस और फील्ड यूनिट के प्रभारी प्रेम नारायण भारती डॉग स्क्वॉयड के साथ मौके पर पहुंचे। आशंका है कि चोरी में कोई ऐसा व्यक्ति शामिल हो सकता है जिसे घर के बारे में पक्की जानकारी थी। इस मामले में अभी तक किसी को पूछताछ के लिए पकड़ा नहीं गया है।