घूरपुर की एक दलित किशोरी को अगवा कर गैंगरेप किया गया। किशोरी ने आरोप लगाया कि उसका करीबी दोस्त अपने एक साथी के साथ उसे लेकर सुनसान फैक्ट्री में गया। वहीं पर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।
घूरपुर के एक गांव की रहने वाली किशोरी के पिता ने बृहस्पतिवार को तहरीर दी कि दो युवकों ने उसकी बेटी को अगवा कर लिया और पास में ही एक सुनसान फैक्ट्री में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बुधवार सुबह किशोरी को गांव के समीप छोड़कर आरोपी भाग निकले। घर पहुंची किशोरी ने जब आपबीती सुनाई तो घरवालों के होश उड़ गए। पिता उसे साथ लेकर थाने पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर दी। थाने में इस मामले में सुबह से लेकर शाम तक पंचायत चलती रही। कोतवाल इंद्रदेव ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उसने कई बार अपनी तहरीर बदली। मामला प्रेम प्रसंग से जुुड़ा है। दरअसल जिस युवक पर आरोप लगाया गया है। वह किशोरी से शादी करना चाहता था, लेकिन घरवाले राजी नहीं थे। उन्होंने उसकी दूसरी जगह शादी तय कर दी। जब किशोरी के प्रेम प्रसंग का पता उसके होने वाले ससुरालियों को चला तो उन्होंने शादी तोड़ दी। इसके बाद ही युवक और किशोरी में अनबन हो गई। फिलहाल, रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।