एक्सिस बैंक की सिविल लाइंस शाखा से 23.92 करोड़ रुपये गबन के मामले में क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। गबन के आरोप में शुआट्स के रजिस्ट्रार रोबिन एल प्रसाद, फाइनेंस कंट्रोलर बरनावत एस लाल, डायरेक्टर फाइनेंस स्टीफन दास और डिप्टी फाइनेंस कंट्रोलर अजय डेविड को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शुआट्स के फरार लेखाकार राजेश पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया है।
एसपी क्राइम ब्रांच बीके मिश्रा ने बताया कि एक्सिस बैंक में शुआट्स का खाता है। उस खाते से शुआट्स अधिकारियों ने बैंक के कुछ अफसरों से मिलकर बिना चेक के 23. 92 करोड़ रुपये निकाले और दूसरे खातों में जमा करा लिए। बाद में इस रकम को निकालकर निजी स्वार्थ में इस्तेमाल किया। आरोप हैै कि इस रकम को प्राइवेट कंपनी बनाकर इस्तेमाल किया गया है, जिसे पुलिस जांच में गबन माना गया है। पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर सोमवार को शुआट्स के चार अफसरों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की। मामले की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में की जा रही है। छह सितंबर को इस प्रकरण में हाईकोर्ट के समक्ष प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। चारों आरोपियों को धारा 409, 419, 420, 421, 463, 471, 477, 201 तथा 120बी में गिरफ्तार कर विशेष सीजेएम सपना सिंह के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इनको 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर सेंट्रल जेल नैनी भेज दिया गया।
वहीं शुआट्स के लेखाकार की गिरफ्तारी न होने के कारण उसको फरार घोषित करते हुए पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया है। उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गईं हैं। इसमें से एक टीम अलीगढ़ जाकर राजेश की पैत्रिक और उसकी ओर से पिछले पांच साल खरीदी गई संपत्ति को कुर्क करेगी। नैनी के दो मकान तथा तीन प्लाटों को कुर्क करने के लिए दूसरी टीम बनी है, जो कि 31 अगस्त तक संपत्ति कुर्क करके अदालत में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।