कैंट के सदर बाजार मोहल्ले में रविवार सुबह हार्डवेयर व्यापारी बीके अकेला के मकान के तीसरे तल पर आग भड़क उठी। शार्ट-सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते दो कमरों को जद में ले लिया। घनी आबादी के बीच आग फैलने का खतरा था, इसलिए पड़ोसी भी अपने घरों से निकल आए। दमकल दस्ते ने आकर करीब घंटे भर में आग पर काबू पा लिया, लेकिन इतनी देर में तीसरे तल के कमरों में रखा सारा सामान और हार्डवेयर दुकान का माल भी तबाह हो गया।
सदर बाजार निवासी बीके अकेला ने घर के निचले हिस्से के अलावा नैनी में भी हार्डवेयर की दुकान खोल रखी है। उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। इकलौता बेटा 18 वर्षीय सागर पढ़ाई करता है, जबकि बेटी शिक्षिका है। पुत्र सागर बहन के साथ मकान के तीसरे तल पर रहता है। रविवार सुबह बीके अकेला नैनी में अपनी हार्डवेयर दुकान खोलने चले गए। तभी सुबह लगभग आठ बजे मकान के तीसरे तल पर आग भड़क उठी। बिजली के तारों में शार्ट-सर्किट से फैली आग ने कुछ ही देर में तीसरे तल को पूरी तरह जद में ले लिया।
100 नंबर पर सूचना दी गई तो काफी देर बाद दमकल दस्ता आया। इस बीच लोगों ने विस्फोट के खतरे को देखते हुए मकान की दूसरी मंजिल पर रखे सिलेंडर बाहर निकाल दिए। तीसरे तल पर लपटों और घने धुएं कागुबार देख पड़ोसी भी घबरा गए। अगल-बगल के मकान में रहने वाले बाहर निकल आए और खुद भी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। दमकल दस्ता किसी तरह वहां तक पहुंचा तो पड़ोसी की छत पर जाकर अकेला के मकान में लगी आग बुझाने की मशक्कत शुरू की। लगभग घंटे भर में आग पर काबू पाया जा सका लेकिन इतनी देर में वहां रखा हार्डवेयर दुकान का माल, अकेला के बेटे और बेटी की किताब-कापियां, कपड़े, बिस्तर, लैपटॉप समेत ज्यादातर सामान जलकर नष्ट हो गया। इस दौरान घर के आसपास मोहल्ले वालों की भीड़ जुटी रही।