सराय गढ़ी वार्ड से पार्षद जिया उबैद एवं उसके साथी के खिलाफ शाहगंज निवासी एक महिला ने गैंगरेप के आरोप में शाहगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना पार्षद ने अपने साथी संग डरा-धमकाकर न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया बल्कि नगर निगम के बाबुओं के पास भी वह ले जाता था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म एवं अप्राकृतिक दुराचार के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पार्षद जिया उबैद ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष विवेचना कराने की मांग की है।
शाहगंज मोहल्ला निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि पार्षद जिया उबैद एवं असलम उसके घर में 22 सितंबर की रात करीब नौ बजे घुस आए। दोनों ने मिलकर उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके संग गैंगरेप किया। विरोध करने की कोशिश करने पर उसे तमंचा दिखाकर धमकाया गया। पीड़िता का आरोप है आरोपी उसे नगर निगम के बाबुओं के पास भी जाने को मजबूर करने लगे। उसने पुलिस में शिकायत की लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसीजेएम न्यायालय के निर्देश के बाद शाहगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया। वहीं, पुलिस का कहना है पीड़िता राजनीतिक तौर पर सक्रिय महिला है। प्रथम दृष्टया मामला पेशबंदी का नजर आ रहा है। इंस्पेक्टर शाहगंज संजय सिंह का कहना है मामले की विवेचना शुरू करा दी गई है। पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धूमनगंज के चकिया मोहल्ले में रहने वाली तीन नाबालिग छात्राओं को पड़ोस में रहने वाले आधा दर्जन युवकों ने छेड़छाड़ के बाद रेप करने के लिए भी धमकाया है। छात्राओं की मां ने युवकों की करतूत की शिकायत एसएसपी से करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर धूमनगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश शुरु कर दी है।
चकिया मोहल्ले की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी तीन बच्चियों के साथ किराए के मकान में रहती है। वहीं पास में रहने वाले आमिर, अनस, सैमी, फैजी, शकील मोहल्ले के मनबढ़ युवक हैं। भुक्तभोगी का कहना है कि आरोपी उसको और उसकी तीनों नाबालिग पुत्रियों को अकसर धमकाते रहते हैं। 19 नवंबर को आरोपी उसके घर में घुस आए और पुत्रियों के साथ अश्लील हरकत करने लगे। जब उन लोगों ने शोर मचाया तब आरोपी पुत्रियों के साथ रेप कर देने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इस घटना के बाद सभी काफी सहम गए। भुक्तभोगी ने घटना की शिकायत एसएसपी से की है। पुलिस का कहना है दोनों पक्षों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा है। इंस्पेक्टर धूमनगंज संदीप मिश्र के मुताबिक तहरीर के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।