सोहबतिया बाग में सड़क पर तेजी से दौड़ रहे जेसीबी ने मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने जेसीबी चालक को पीटकर अधमरा कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने चालक को बेली अस्पताल में भर्ती कराया और जेसीबी को कब्जे में ले लिया।
जौनपुर जिले के थाना बरसठी के गांव भगवानपुर की रहने वाली अंतिमा वर्मा (22) सोहबतियाबाग में किराए के कमरे में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही थी। वह सोहबतियाबाग में ही एक कोचिंग में पढ़ती थी। सोमवार शाम करीब छह बजे कोचिंग से लौट रही थी जैसे ही वह अपने साइकिल से संगम पेट्रोल पंप के पास पहुंची तेज रफ्तार जेसीबी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बुरी तरह कुचली अंकिता की मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और भाग रहे जेसीबी चालक को पकड़ लिया। उसे जमकर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। करछना निवासी जेसीबी चालक रामेन्द्र प्रसाद को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इलाहाबाद में ही रह रहे अंतिमा के चचेरे भाई पवन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जहां हादसा हुआ और जिस वक्त हुआ वहां सभी वाहन धीमी रफ्तार से चलते हैं लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेसीबी की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने अचानक सामने आई छात्रा को देखा ही नहीं और कुचल दिया। शहर में इन दिनों चल रहे कार्यों को लेकर जेसीबी तमाम सड़कों पर चल रही हैं। लोगों का कहना था कि अगर इसी लापरवाही से चलती रहीं तो कुछ जानें और जाएंगी।