खौलती दाल के भगोने में एक बच्चा गिर गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जंघई में हुई इस घटना से शादी के घर में मातम पसर गया। फूलपुर के एक अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। फूलपुर पुलिस भी पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। परिजनों ने अस्पताल संचालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जौनपुर के मछलीशहर के गांव बरईपार निवासी अजीत कुमार की जंघई बाजार स्थित रामबाबू गुप्ता के यहां ससुराल है। वह अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी व बेटे के साथ जंघई आए हुए थे। बारात लौट कर आई तो शुक्रवार दोपहर रिश्तेदारों के लिए भोजन बन रहा था। बड़े भगोने में दाल खौल रही थी। इसी दौरान खेलते हुए अजीत का बेटा दिव्यांश (4) वहां पहुंच गया और अचानक भगोने में गिर गया। अफरातफरी मच गई।
आननफानन में परिजन उसे लेकर अस्पताल भागे, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने फूलपुर बस अड्डे पर स्थित एक निजी अस्पताल में बालक को भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। फूलपुर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, दोपहर बाद मृत बालक के शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। बेटे की मौत से मां-बाप और परिजनों का बुरा हाल है। वहीं शादी के घर में सन्नाटा पसरा हुआ है।