इलाहाबाद। डेंगू का हमला तेज हो गया और मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मंगलवार को डेंगू से एक बच्ची की मौत हो गई। शहर के निजी अस्पतालों में डेंगू के एक दर्जन नए मरीज भर्ती कराए गए। बकरीद की छुट्टी के कारण एसआरएन के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच नहीं हो सकी लेकिन जिन मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले, जांच के लिए उनके खून का नमूना ले लिया गया।
कौशाम्बी की रहने वाले दस साल की मोहिनी का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिनों पहले डेंगू की पुष्टि होने पर उसे भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। वहीं, एसआरएन अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग मंगलवार को बंद रहा, सो कोई जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई और न ही कोई जांच की गई। हालांकि उन दर्जन भर मरीजों के खून के नमूने लिए गए, जिनमें डेंगू के लक्षण पाए गए। इनकी जांच रिपोर्ट बुधवार को ही सामने आएगी। वहीं, निजी अस्पतालों में भी डेंगू से पीड़ित नए मरीज भर्ती किए गए। उधर, संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग की टीम ने करेलाबाग, करेली, छीतपुर, सलोरी क्षेत्र भ्रमण किया और दवाइयों, क्लोरीन की टैबलेट्स, एवं ओआरएस घोल का वितरण किया। इसके अलावा जहां पानी जमा था, वहां एंटीलार्वल का छिड़काव किया गया। अशोक नगर, राजापुर, कमिश्नर आवास, सलोरी, करेली, करामत की चौकी, एमएल कॉन्वेंट स्कूल और बाघंबरी गद्दी अल्लापुर में छिड़काव किया गया। बलुआघाट में शिल्पी नाम की लड़की के डेंगू का शिकार होने के बाद उसके आवास और असपास के क्षेत्र में भी छिड़काव कराया गया।