इलाहाबाद। बदमाशों ने शुक्रवार आधी रात बाद शहर के मीरापुर इलाके में तीन ताले तोड़कर हरि मंदिर में हाथ मार दिया। मंदिर में बदमाशों ने तीन प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट और छत्र चुरा लिए। भोर में पुजारी को चोरी का पता चला तो अतरसुइया थाने की पुलिस को चोरी की सूचना दी।
मीरापुर में सब्जी मंडी चौराहा पर ही है हरि मंदिर। शुक्रवार रात करीब एक बजे पुजारी पंडित अशोक मिश्रा मंदिर के कपाटों में ताले लगाकर सोने गए। भोर में लगभग साढ़े चार बजे वह मंदिर खोलने गए तो तीन कपाटों के ताले टूटे थे। यह देख वह सकते में रह गए। मंदिर में राधा, सीता और लक्ष्मण की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट गायब थे। एक छत्र भी नदारद था। सुबह भक्तों को पता चला तो वे भी मंदिर आ गए।
मंदिर में चोरी से लोगों में नाराजगी थी। पूर्व पार्षद मोनिका त्रिपाठी ने चोरी पर रोष जताते हुए चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कुछ ही समय पहले राजापुर और मीरापुर इलाके में भी मंदिरों में चोरी हो चुकी है लेकिन गश्त में लापरवाही बरतने वाली पुलिस चोरों को भी दबोचने में नाकाम रही है।