यमुनापार के कोरांव इलाके में शुक्रवार शाम को दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार किसान विनोद दुबे(38) की मौत हो गई। हादसे में दूसरी पर बाइक सवार लालजी(40) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें पीएचसी कोरांव से प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
कोरांव के सेमरी गांव का विनोद दुबे खेती किसानी करते थे। वह शुक्रवार सुबह अपनी ससुराल गढ़वा गए थे। वहां से बेटी अलका को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। कोहड़ार घाट मुख्य मार्ग पर बिसरी गांव के सामने विनोद और सामने से आ रही एक अन्य बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विनोद और उनकी बेटी छिटक कर सड़क पर गिरे। जबकि दूसरी बाइक के चालक लालजी निवासी मुरलीपुर, कोरांव भी हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद पिता की हालत देख विनोद की बेटी अलका वहां खड़ी होकर रो रही थी।
अलका को मामूली खरोचें ही आईं थीं। तभी चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और खून से लथपथ लालजी और विनोद को कोरांव पीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल लालजी को एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की खबर विनोद के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। विनोद की पत्नी उर्मिला को घटना की जानकारी हुई तो वह अचेत हो गई। विनोद के दो बेटे और एक बेटी है।