फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निहालपुर में चले बम, दो लोगों के हाथ उडे़

Sat, 26 Dec 2015 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
खुल्दाबाद के निहालपुर मुहल्ले में शुक्रवार देर रात नशेबाजी और वर्चस्व के झगड़े में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ बम चले। इस घटना में एक तरफ से सब्जी आढ़ती का भांजा घायल हुआ तो दूसरे पक्ष से खुद हमलावर का दाहिना हाथ उड़ गया। उन दोनों को पहले एक ही अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन बाद में अलग-अलग नर्सिंग होम ले जाया गया। खुल्दाबाद थाने में दोनों तरफ से नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन


शुक्रवार रात करीब ग्यारह बजे की घटना है। निहालपुर मुहल्ले में रहने वाले रंजीत सोनकर की मुंडेरा सब्जी मंडी में आढ़त है। शुक्रवार रात करीब ग्यारह बजे वह अपने भांजे निहाल उर्फ निक्की (17) के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे तभी रास्ते में रोहित पाल मिल गया। उसके साथ दो-तीन लोग थे। रोहित और रंजीत के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की नौबत आ गई। रंजीत का आरोप है कि रोहित ने बम मारा जो उसके भांजे निक्की के दाहिने हाथ में लगकर फटा। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बम हमले में रोहित के दाहिने हाथ का पंजा उड़ गया। उसका आरोप है कि रंजीत ने बम से हमला किया। बमबाजी से मुहल्ले में खलबली मच गई। खून से लथपथ निक्की और रोहित को जीवन ज्योति हॉस्पिटल ले जाया गया। करीब घंटे भर बाद खबर पाकर खुल्दाबाद थाने की पुलिस वहां पहुंची। मौके पर जानकारी लेने के बाद पुलिस ने अस्पताल जाकर घायलों से बात की।

खुल्दाबाद सब्जी मंडी चौकी प्रभारी वेद पांडेय के मुताबिक, एक तरफ से रंजीत और दूसरी तरफ से घायल रोहित के पिता राजू पाल ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रंजीत और रोहित से पूछताछ की गई तो वे मंडी में झगड़े के चलते बमबाजी की बात कह रहे हैं। मगर आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, वे नशे में थे और उनके बीच इलाके में दबदबा बनाने को लेकर तनातनी चल रही है। पहले भी उनके बीच झड़प होने की बात सामने आई है। इनमें रोहित के खिलाफ  हत्या की कोशिश का एक मुकदमा पहले से दर्ज हैं। अब दोनों घायल अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें