कोरांव(इलाहाबाद)। पंचायत चुनाव में प्रथम चरण के चुनाव के दौरान कोरांव के पियरी पोलिंग स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एचसीपी अजय कुमार राय की हार्ट अटैक पड़ने से मौत हो गई। पुलिसकर्मी के मौत की सूचना पर पुलिस प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। कोरांव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर दरोगा के मौत की खबर घरवालों को पता चली तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते पत्नी और बच्चे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
गाजीपुर में भांवरकोल इलाके के पलिया लोहारपुर का अजय कुमार राय पुलिस महकमे एचसीपी था। इन दिनों उसकी तैनाती कीडगंज थाने में थी। वह परिवार के साथ धूमनगंज के साकेतनगर मोहल्ले में रहता था। पंचायत में शुक्रवार को उसकी ड्यूटी कोरांव के पियरी बूथ पर थी। सुबह वह अजय नहाने के बाद वर्दी पहन रहे थे। तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और वह गिर पड़े। वहां तैनात मतदानकर्मी और पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन के अफसरों को दी। अजय को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अजय के मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते पत्नी मीरा राय और दोनों बेटे आशुतोष और अमित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अजय की मौत से उनका रोकर बुरा हाल था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है। पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान मौत होने के चलते प्रशासन की ओर अजय के परिवार वालों को पांच लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।