सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग स्थित चौराहे पर रविवार शाम भाई के साथ बाइक पर जा रही छात्रा और विधायक सईद अहमद के बेटे के बीच सरेराह झड़प हो गई। अगल-बगल से गुजरते वक्त गाड़ी डगमगाने पर उनके बीच कहासुनी के बाद सड़क पर ही झगड़ा होने लगा तो आरोप है कि विधायक के बेटे ने खुद को आजम खां का भतीजा बताकर धमकाया। पुलिसवालों को भी धौंस दी। वहां भीड़ जुटने पर पुलिस विधायक पुत्र और छात्रा को भाई समेत थाने ले गई। वहां छात्रा के परिजन तथा विधायक भी पहुंच गए। देर तक कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
रविवार शाम करीब पांच बजे का वाकया है। अल्लापुर में रहने वाली एक छात्रा विश्वविद्यालय में पढ़ाई करती हैं। शाम को वह बाइक पर अपने भाई के साथ सिविल लाइंस आई थीं। सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग पर ग्रांड कांटीनेंटल होटल के निकट चौराहे पर रेड सिग्नल पर गाड़ियां रुकीं थीं। इसमें फूलपुर के सपा विधायक सईद अहमद का बेटा बीटेक छात्र कवि अहमद भी होंडा सिटी कार में था। सिग्नल ग्रीन होने पर गाड़ियां चलीं तो विधायक पुत्र कवि की कार की बगल से गुजरते समय छात्रा की स्कूटी टकराने से बची मगर डगमगा गई। इस पर आरोप है कि छात्रा ने विधायक पुत्र कवि को थप्पड़ मारने का इशारा किया। यह देख तैश में आए कवि ने स्कूटी के आगे कार रोकी और छात्रा से इशारा करने की वजह पूछी। इतने में छात्रा के भाई ने कवि को एक चांटा जड़ दिया। इस पर बौखलाए कवि ने भी उसे थप्पड़ मार दिए। वहां भीड़ लग गई।
छात्रा की दो और रिश्ते की बहनें आगे स्कूटी पर जा रही थीं। वे भी आकर विधायक पुत्र को खरी-खोटी सुनाने लगीं। पुलिसवाले भी आ गए। कवि ने खुद को विधायक का बेटा बताते हुए छात्रा और उसके भाई की गलती करार दी। आरोप है कि कवि ने खुद को आजम खां का भतीजा कहकर पुलिसवालों को भी धौंस दी। वहां भीड़ लगी तो पुलिस छात्रा और उसके भाई तथा कवि को सिविल लाइंस थाने ले गईं। वहां कवि ने कहा कि छात्रा ने बेवजह उसे थप्पड़ मारने का इशारा किया और उसने कार रोककर कारण पूछा तो उसके भाई ने हमला किया। जबकि छात्रा और उसके भाई ने कहा कि खुद को विधायक पुत्र बताने वाले इस युवक ने उनसे मारपीट और बदसलूकी की। इस हाई प्रोफाइल घटना की वजह से थाने में भीड़ लग गई। खबर पाकर कवि के पिता विधायक सईद अहमद भी थाने पहुंच गए। छात्रा के भी पित समेत परिवार के लोग आ गए। करीब घंटे भर तक आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों ने सुलह कर ली। हालांकि छात्रा का भाई तहरीर लिखने लगा था मगर परिजनों की आपसी बातचीत के बाद समझौता कर दोनों पक्षों के लोग थाने से चले गए। थाना प्रभारी महेश पांडेय ने बताया कि आपस में सुलह कर ली गई इसलिए एफआईआर नहीं लिखी गई है।