धूमनगंज इलाके में कोटवा गांव के पास रेलवे क्रासिंग पर बुधवार सुबह जल्दबाजी के चक्कर में एक युवक की जान खतरे में पड़ गई। वह रेल पटरी पर बाइक समेत गिरा तभी ट्रेन आ गई। युवक तो बच गया लेकिन उसकी बाइक ट्रेन की जद में आकर तबाह हो गई। खबर पाकर पहुंची रेलवे पुलिस बाइक के टुकड़ों को जब्त कर युवक को थाने ले गई।
कोटवा गांव धूमनगंज निवासी रमेश बाबू बुधवार सुबह मुंडेरा मंडी गया था। वहां से वह घर लौट रहा था। कोटवा गांव के पहले रेलवे क्रासिंग पर बैरियर गिरा था। ट्रेन आने वाली थी। तब भी रमेश हड़बड़ी में बाइक बैरियर के नीचे से लेकर क्रासिंग पार करने लगा। वह पटरी पर था तभी गिट्टी पर फिसल गया। वह बाइक समेत पटरी पर गिर गया। ट्रेन करीब आ गई थी। सिर पर मौत मंडराती देख रमेश तो उठकर पटरी से हट गया लेकिन उसकी बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। बाइक के परखचे उड़ गए। वहां आसपास के लोग जुट गए। खबर पाकर आरपीएफ और जीआरपी की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस टीम ने पटरी पर से बाइक के टुकडे जब्त किए। साथ ही रमेश को भी हिरासत में ले लिया गया।