नवाबगंज में मलाक बलऊ गांव के पास इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर श्याम कोल्ड स्टोर के सामने से बृहस्पतिवार शाम राइस मिल कारोबारी का अपहरण हो गया। सरेआम कारोबारी को अगवा कर बदमाश इलाहाबाद की ओर भाग निकले। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूछताछ के बाद बदमाशों की घेरेबंदी में लगी है।
मलाक बलऊ गांव के पारसनाथ पटेल कारोबारी हैं। उनकी गांव में ही इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर श्याम कोल्ड स्टोरेज के बगल राइस मिल है। बृहस्पतिवार शाम वह कोल्ड स्टोर के बाहर दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे। तभी जाइलो समेत दो गाड़ियों से आधा दर्जन असलहाधारी बदमाश पहुंचे। उनमें से एक ने इशारा कर पारसनाथ को बुलाया। पारसनाथ उसके पास पहुंच गए। वे पारसनाथ को बात करते हुए कु छ दूर ले गए। दस कदम की दूरी पर पहुंचते ही पारसनाथ को जबरन खींच कर जाइलो में बैठा लिया गया।
पारसनाथ ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक कारोबारी का अपहरण कर बदमाश इलाहाबाद की ओर भाग निकले। कारोबारी के सरेआम अपहरण से खलबली मच गई। कारोबारी परिजन भी कुछ ही देर में मौके पर आ गए। पारसनाथ पटेल घर के इकलौते हैं। उनके पांच बच्चे हैं। वहीं कारोबारी के अपहरण के बारे मेें घरवाले भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। सूचना पर नवाबगंज पुलिस पहुंची। पुलिस पूछताछ के बाद कारोबारी की तलाश में लगी है। एसओ नवाबगंज दीपक पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अपहरण का मामला नहीं नजर आ रहा है।