धूमनगंज इलाके के लखनपुर में शुक्रवार सुबह बेकाबू वाहन की टक्कर से फार्मासिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी सवार युवक की हादसे में मौत की खबर पाकर धूमनगंज पुलिस पहुंची। पुलिस ने शिनाख्त के बाद मृतक के घरवालों को सूचना दी तो कोहराम मच गया।
कौशाम्बी के पिपरी में जलालपुर घोसी गांव का सर्वेश कुमार प्रजापति (40) दो भाइयों में बड़ा था। वह शहर के कॉल्विन अस्पताल में फार्मासिस्ट की ट्रेनिंग कर रहा था। वह सुबह स्कूटी से ड्यूटी पर आ रहा था। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे बेकाबू वाहन ने सर्वेश की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। हादसे के बाद आसपास के लोग पहुंचे तो सर्वेश सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था।
उसकी सांसें थम चुकीं थीं। धूमनगंज पुलिस ने आईडी और मोबाइल के आधार पर शिनाख्त के बाद घरवालों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते सर्वेश के परिजन एसआरएन पहुंचे। सर्वेश की पत्नी रीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके तीन बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) हैं।