सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा गांव स्थित एक विधि महाविद्यालय में सोमवार को नकल से रोकने पर छात्रों ने जमकर हंगामा काटा। नाराज छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच जमकर नोंकझोंक भी हुई। बवाल बढ़ता देख मामले की जानकारी पुलिस को दी गई तो मौके पर पहुंची। किसी तरह छात्रों को समझा-बुझाकर परीक्षा दोबारा प्रारंभ कराई गई। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर नकल के लिए रिश्वत लिए जाने का भी आरोप लगाया है।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा गांव में एक विधि महाविद्यालय है। सोमवार से ही विधि के छात्रों की परीक्षा प्रारंभ हुई है। परीक्षा में नकल पर कॉलेज प्रबंधन ने सख्ती कर रखी है। इसी को लेकर छात्रों का गुस्सा सोमवार को परीक्षा के दौरान भड़क गया। नाराज छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच नकल न करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ी तो छात्रों ने हंगामा करने के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। इससे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बवाल बढ़ता देख कॉलेज प्रंबधन ने मामले की जानकारी इलाकाई पुलिस को दे दी।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से ही पहले ही बवाल शांत हो गया था। किसी तरह दोबारा परीक्षा शुरू कराई गई। विधि के छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर नकल करने के लिए अवैध वसूली का आरोप लगाया है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने नकल कराने के लिए अतिरिक्त शुल्क वसूला था। इसके बावजूद उन्हें नकल से रोका जा रहा है। उधर, विद्यालय प्रबंधन ने नकल के लिए शुल्क वसूली के आरोप से साफ इंकार किया है। कहा गया है कि नियम अनुसार परीक्षा कराई जा रही है। छात्रों को नकल से रोका गया तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में रविवार को घर में बैठे युवक पर की गई फायरिंग मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव निवासी अशोक कुमार शुक्ल प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। रविवार की दोपहर में वह घर पर था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे तथा किसी बात को लेकर अशोक का उनसे विवाद हो गया। बात बढ़ी तो घर पर आए युवकों में से एक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। किसी तरह युवक ने घर के भीतर भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने भुक्तभोगी की तहरीर पर विकास दूबे, सुभाष दूबे तथा गंगा प्रसाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।