कारोबार में मोटा फायदा होने का लालच देकर एक व्यक्ति ने सिविल लाइंस के मोटर पार्ट्स व्यापारी को साढे़ दस लाख रुपये का चूना लगा दिया। साल भर पहले कारोबारी से रकम लेने के बाद उस व्यक्ति ने कन्नी काटना शुरू कर दिया। उसने व्यापारी को चेक दिए जो बाऊंस हो गए। बार-बार पैसे मांगने पर वह धमकाने लगा तो व्यापारी ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत की। आरोपी के खिलाफ केस लिखकर जांच हो रही है।
काला डांडा हिम्मतगंज में रहने वाले रूपेश जायसवाल ने सिविल लाइंस में नवाब युसूफ रोड पर अंबिका मोटर पार्ट्स नाम से दुकान खोल रखी है। रूपेश ने दो दिन पहले डीआईजी से मिलकर धोखाधड़ी का प्रार्थनापत्र दिया। रूपेश के मुताबिक, करीब साल भर पहले मटियारा रोड अल्लापुर के दीपक शुक्ला ने दुकान पर आते-जाते एक रोज उन्हें झांसा दिया कि वह उसके कारोबारी में पचास फीसदी की साझेदारी करें तो मोटा फायदा हो सकता है। रूपेश उसकी चालबाजी को नहीं भांप सके और कारोबार के लिए साढ़े दस लाख रुपये दीपक को सौंप दिए। कुछ दिन तक दीपक ने लाभांश दिया लेकिन फिर वह मिलने से भी कतराने लगा। मूल धन मांगने पर दीपक ने रूपेश को अलग-अलग तारीख पर बैंक ऑफ पटियाला के तीन चेक दिए।
दो चेक बाऊंस होने के बाद रूपेश ने तीसरा चेक खुद ही नहीं लगाया क्योंकि उन्हें पता चला कि दीपक ने खाता ही बंद कर दिया है। इसके बाद रूपेश को पैसे मांगने पर धमकियां दी जाने लगीं। रूपेश का आरोप है कि दीपक ने धमकी दी कि पैसे मांगने पर जान से मार दिया जाएगा। इस पर घबराए रूपेश ने डीआईजी से सुरक्षा की गुहार लगाई तो सिविल लांस थाने में दीपक शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया।बैक खाते से उड़ाए 42 हजार रुपये
सिविल लाइंस में रहने वाले एक कारोबारी विजय कुमार अग्रवाल के बैंक खाते से 42 हजार रुपये गायब हो गए। वह कारोबारी के सिलसिले में अमेरिका गए थे तभी यह वाकया हुआ। घर लौटने के बाद उन्होंने सिविल लाइंस में अर्जी देकर बताया कि उनके विजया बैंक खाते से 42 हजार रुपये उड़ा दिए गए। पुलिस ने जांच के दौरान विजया बैंक जाकर इस बारे में पूछताछ की तो बैंक कर्मियों ने कहा कि विजय ने ही अमेरिका में पैसे निकाले हैं। मुकदमे की जांच कर रहे राजकुमार ने बताया कि छानबीन के बाद ही इस बारे में कुछ साफ हो सकेगा।