तकरीबन एक दर्जन बदमाशों ने शनिवार रात करीब दो बजे अतरौरा में रेलवे लाइन के पास घर के बाहर सोए दंपति और उनके बेटे को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों ने महिला के गले से गहने नोंच लिए। उसे घर के भीतर ले जाकर बक्सों के ताले तोड़कर एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर और नगदी निकाल ली। फिर वे मारपीट करते हुए रेलवे लाइन पारकर भाग निकले। बाद में पुलिस पहुंची।
अतरौला गांव निवासी गुरुदीन बिंद कालीन बुनकर है। उसका घर अतरौला में रेलवे लाइन के पास है। गुरुदीन के दो बेटों में बड़ा दीपक सूरत में नौकरी करता है। छोटा पुत्र अपनी पत्नी रेखा के साथ यहीं घर पर रहता है। रेखा इन दिनों मायके गई हुई है। शनिवार रात गर्मी की वजह से गुरुदीन पत्नी शकुंतला तथा बेटे रवि के साथ घर के बाहर चारपायी पर सोया था। रात करीब दो बजे एक दर्जन से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर गुरुदीन को तमंचा सटाकर धमकाया फिर उसके हाथ पैर चादर के जरिए चारपाई से बांध दिए। फिर बदमाशों ने रवि और उसकी मां शकुंतला को पीटकर चाभी मांगी। शकुंतला ने चाभी दी तो बदमाश उसे घर के भीतर ले गए।
कमरे में रखे तीन बक्सों के कुंडे तोड़कर बदमाशों ने शकुंतला और उसकी बहू रेखा के एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के गहने निकाल लिए। नौ हजार रुपये भी लूट लिए। शकुंतला के शरीर से भी जेवर नोंच लिए। बाहर निकलकर उन्होंने चारपाई से बंधे गुरुदीन को पीटा और रेलवे लाइन की तरफ से अंधेरे में भाग गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण के बाद लूटपाट की इस घटना की एफआआईआर चोरी की धारा में दर्ज की है।