धूमनगंज इलाके के राजरूपपुर मोहल्ले में बुधवार दोपहर अपराधी प्रवृत्ति के शख्स ने मिठाई दुकानदार को रोककर पीटा और विरोध पर फायरिग कर दी। उसकी स्कूटी भी छीन ली। हालांकि, भीड़ लगने पर वह स्कूटी छोड़कर भाग गया। पुलिस आरोपी हमलावर की तलाश में जुटी है।
राजरूपपुर में लेबर चौराहा पर विजय गुप्ता की शिव स्वीट हाउस है। विजय का पुत्र रितेश गुप्ता (32) बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर से स्कूटी पर दुकान के लिए निकला था। वह कुछ आगे गुजरा होगा तभी उसका टकराव दलित बस्ती के रमेश पासी उर्फ बंगाली से हो गया। आरोप है कि बंगाली ने पहले उसे बांस के डंडे से पीटा। फिर फायरिंग कर दी। रितेश घायल होकर गिरा तो बंगाली उसकी स्कूटी लेकर जाने लगा। हालांकि, भीड़ लगने पर वह स्कूटी वहीं छोड़कर भाग गया। खबर पाकर आसपास के दुकानदार और रितेश के परिवार के लोग आ गए। घटना की जानकारी धूमनगंज थानाध्यक्ष जेपी राय और राजरूपपुर चौकी प्रभारी अशोक कुमार को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। घायल रितेश को अस्ताल ले जाकर इलाज कराया गया। फिर धूमनगंज थाने में बंगाली के खिलाफ तहरीर दी गई। एसओ जेपी राय ने बताया कि आरोपी बंगाली पासी अपराधी किस्म का है। उसकी पहले भी कई बार शिकायत मिल चुकी है। एफआईआर लिखकर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।