35 लाख रुपये के लेन देन को लेकर दो सियासी परिवारों में विवाद हो गया है। सोरांव के विधायक रहे स्व. जंगबहादुर पटेल के बेटे प्रमोद पटेल ने बांदा के एक परिवार पर 40 लाख हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को सिविल लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि पैसे लौटाने के बजाय अब उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
हंडिया के जलालपुर के रहने वाले प्रमोद कुमार पटेल का आरोप है कि 2011 में बांदा के रहने वाले एक सांसद से चुनार में मुलाकात हुई थी। उसके बाद उनसे दोस्ती हो गई। 2012 विधान सभा चुनाव से पहले सांसद और उनके बेटे इलाहाबाद आए और चुनाव लड़ने के लिए 40 लाख मांगे। कहा कि चुनाव के बाद वह पैसा वापस कर देंगे। बाद में 35 लाख पर बात तय हुई। पैसा उन्होंने बैंक एकाउंट में ट्रांसफर इसके बाद उनसे पैसा मांगना शुरू किया तो उन्होंने आज कल का बहाना शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद उन लोगों ने आठ लाख वापस कर दिए। इसके बाद लगातार प्रयास के बाद भी पैसा नहीं दिया। उल्टा अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कुछ दिन पहले फोन आया कि वह उनके कालेज में घुसकर गोली मार देंगे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रमोद का कहना है कि वह परिवार बांदा का कुख्यात अपराधी परिवार है। वो लोग कुछ कर सकते हैं। उन्होंने बांदा के सियासी परिवार के तीन लोगों का नाम भी पुलिस को दिया है।