कीडगंज थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके से टप्पेबाज ने चित्रकूट के आभूषण व्यवसायी के दो लाख के आभूषण उड़ा दिए। कार से तेल बहने की बात कहकर टप्पेबाज आभूषणों से भरा बैग ले उड़ा। गुरुवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चित्रकूट जिले के राजापुर सोनहटी इलाके के रहने वाले राजेंद्र कुमार सोनी आभूषण व्यवसायी हैं। उनकी राजापुर इलाके में ही दुकान है।
उनकी पत्नी की तबियत खराब चल रही थी। वह 20 दिसंबर को पत्नी की जांच रिपोर्ट लेकर एक डाक्टर से कंसल्ट करने आए थे। साथ में उनका छोटा बेटा भी था। डाक्टर को रिपोर्ट दिखाकर राजेंद्र चौक पहुंचे और वहां तकरीबन दो लाख रुपये की चांदी की पायल और बिछिया तथा अन्य आभूषण लिए। आभूषण से भरा उन्होंने कार की पिछली सीट पर रखा और घर के लिए चल दिए। रामबाग में सेवा समिति विद्या मंदिर के पास उनके बेटे को लघुशंका महसूस हुई तो उन्होंने कार खड़ी कर दी और बाहर निकल आए। तभी एक युवक पीछे से आया और बोला कि भाई साहब कार से तेल बह रहा है। राजेंद्र झुककर कार के नीचे देखने लगे तभी युवक कार में रखा बैग ले उड़ा। हक्के बक्के राजेंद्र ने शोर मचाया तो भीड़ लग गई। बैरहना चौकी इंचार्ज हरगोविंद सिंह मौके पर पहुंच गए। बाद में राजेंद्र की तहरीर पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई।