सिपाही भर्ती अभ्यर्थियों ने रविवार को भी उत्पात मचाया। चंद्रशेखर आजाद पार्क में सभा के बाद जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस ने तितर-बितर किया तो उन्होंने लौटते वक्त गुमटियों पर पथराव किया। आजाद पार्क से निकले कुछ अभ्यर्थी छात्रनेता राणा यशवंत प्रताप सिंह के साथ पीएचक्यू पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और 35 अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया। सभी को पुलिस लाइन लाया गया। हिरासत में लिए गए अभ्यर्थियों को रात सात बजे के आसपास छोड़ दिया गया।
सैकड़ों अभ्यर्थी दोपहर एक बजे चंद्रशेखर आजाद पार्क में जुटे थे। अभ्यर्थियों ने जैसे ही बैठक शुरू की, बवाल की आशंका को देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। पार्क को घेर लिया गया। किसी को भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी गई। कुछ ही देर में एसीएम द्वितीय मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि रिजल्ट में धांधली की गई है। कटऑफ से कम अंक पाने वाले सफल घोषित किए गए हैं तो अधिक अंक पाने वालों का सफल अभ्यर्थियों की सूची में नाम नहीं है।
छात्रों को आश्वासन दिया गया कि उनकी शिकायतों से शासन को अवगत करा दिया जाएगा। इसके बाद भी अभ्यर्थी जुलूस निकालने पर अड़े रहे तो पुलिस ने सख्ती की। छात्रों को एक साथ निकलने की अनुमति नहीं दी गई। अभ्यर्थियों को पार्क में ही तितर-बितर कर दिया गया। हिंदू हॉस्टल की ओर रवाना हुए कुछ छात्रों ने गुमटियों पर पथराव कर गुस्सा निकाला। हालांकि पुलिस ने पथराव की घटना से इंकार किया। अभ्यर्थी राणा यशवंत के नेतृत्व के पीएचक्यू के सामने पहुंच गए। पीएचक्यू के सामने धरने की खबर लगते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। अभ्यर्थी शनिवार की तरह जुलूस की आड़ में फिर से उत्पात न करने लगें, इसलिए उनको हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया।