फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीटेक छात्र की लाश मिली पटरी पर, हत्या की आशंका

Fri, 03 Mar 2017 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
अंदावा स्थित अपने घर से बुधवार रात दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकले बीटेक छात्र नीतेश सिंह का शव सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला। सिर और शरीर पर कई चोट थी। परिजनों ने कहा कि उसकी हत्या कर लाश पटरी पर फेंकी गई है, जबकि पुलिस आत्महत्या के एंगल पर छानबीन कर रही है।
विज्ञापन


बिहार के गोपालगंज निवासी जयनारायण सिंह डेढ़ दशक से झूंसी के अंदावा गांव में रह रहे हैं। वह ठेकेदारी करते हैं। जयनारायण के दो बेटे तथा दो बेटियां हैं। बड़ा पुत्र रंजन एमटेक करने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में नौकरी कर रहा है। दूसरा बेटा 22 वर्षीय नीतेश सिंह सोरांव स्थित एलडीसी कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। बेटियों में बड़ी पूजा यूनाईटेड कॉलेज से बीटेक कर रही है जबकि छोटी बेटी कविता हाईस्कूल की छात्रा है। बृहस्पतिवार शाम नीतेश एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला। वह रात सवा नौ बजे तक नहीं लौटा तो मां उर्मिला ने उसके मोबाइल पर फोन किया। नीतेश ने फोन पर कहा कि कुछ देर में घर पहुंच रहा है। मगर वह दस बजे के बाद भी घर नहीं पहुंचा तो परिजन परेशान हो उठे। उसके मोबाइल पर कॉल की तो नंबर स्वीच ऑफ बताने लगा। परिवार के लोग रात भर नीतेश की तलाश में भटकते रहे।

बृहस्पतिवार सुबह लगभग छह बजे घर से लगभग आधा किलीमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर किसी युवक का शव पड़े होने की खबर मिली तो परिजन वहां पहुंच गए। शव नीतेश का ही था। परिवार के लोग रोने-कलपने लगे। उसके सिर पर पीछे और चेहरे के बायीं तरफ चोट के गहरे निशान थे। एक पैर और हाथ भी टूटा था। आशंका जताई गई कि नीतेश की हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया था। पता चला तो झूंसी इंसपेक्टर सुरेंद्रनाथ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। निरीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तब तक वहां भीड़ जुट गई थी। परिजन हत्या करार दे रहे हैं तो पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। इंसपेक्टर सुरेंद्रनाथ ने बताया कि ऐसी आशंका है कि युवक ने खुद चलती ट्रेन के सामने आकर जान दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी साफ नहीं हो सका कि यह कत्ल है या खुदकुशी। पोस्टमार्टम में मौत का कारण सिर पर गहरी चोट बताया गया।
विज्ञापन


यह भी सवाल बना है कि आखिर नीतेश किस दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था। बुधवार शाम नीतेश ने मां उर्मिला से कहा था कि वह एक दोस्त की बर्थ डे पार्टी में जा रहा है। रात नौ बजे तक वह घर लौट आएगा। मां उर्मिला देवी तथा बहन पूजा बार-बार उससे पूछते रही कि किस दोस्त की बर्थ डे पार्टी में जा रहा है मगर उसने कोई जवाब नहीं दिया। बुधवार को वह अपने कॉलेज भी नहीं गया था। पुलिस को नीतेश के शव के पास ही उसका क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन मिला है।

पुलिस उलझी है कि यह कत्ल है या सुसाइड। नीतेश की मां उर्मिला देवी चीखकर कहती रहीं कि उनके बेटे को मारकर शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया। युवक के शव की स्थिति देख परिजनों की दलील में दम भी नजर आता है। शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से और चेहरे पर बाईं ओर जख्म के गहरे निशान थे। अगर वह ट्रेन के आगे कूदता शव क्षत-विक्षत हो जाता। पुलिस का कहना है कि बीटेक छात्र के मोबाइल कॉल की डीटेल खंगालने पर स्थिति साफ हो जाएगी। मसलन उसे किस दोस्त ने फोन कर बुलाया था। वह किस दोस्त के बर्थ डे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। बीटेक छात्र नीतेश के पड़ोसियों ने बताया कि वह फोन पर किसी से देर तक बात करता दिखता था। नीतेश का घर अंदावा गांव में रेलवे ट्रैक के किनारे ही है। वह रेलवे ट्रक के आसपास ़टहलते हुए फोन पर बात करता रहता था। कॉल डीटेल से पता चल जाएगा कि वह किससे बात करता रहता था। हो सकता है कि कोई गर्लफ्रेंड हो। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें