धूमनगंज के जयंतीपुर में शनिवार शाम छत पर दोस्तों के साथ खेल रहे 12 वर्षीय अजय ने बम को गेंद समझकर उठा लिया। झटका लगने से बम फट गया। अजय की हथेली उड़ गई, जबकि बगल में खड़ा दीपक भी छर्रा लगने से जख्मी हो गया। धमाके की गूंज से इलाका दहल गया। चीखपुकार सुनकर पड़ोसी और घरवाले भागकर पहुंचे। बच्चों को लेकर अस्पताल भागे। धूमनगंज पुलिस के मुताबिक छत पर बम के अवशेष गिट्टी, बारूद की गंध, रिपिट और कागज के टुकड़े थे। जांच की जा रही है कि बम वहां कहां से आया और किस मकसद से छत पर छिपा कर रखा गया था।
जयंतीपुर निवासी जय सिंह पटेल मजदूरी करते हैं। शनिवार शाम उनका बेटा अजय पटेल सोनू पटेल के घर की छत पर साथियों के साथ खेल रहा था। अचानक उसकी नजर गेंदनुमा वस्तु पर पड़ी, जिसे उसने झटके से हाथ में उठा लिया और उठाते ही तेज धमाका हुआ। छत पर मौजूद अन्य बच्चों में चीखपुकार मच गई। बच्चे सहम गए थे। लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो अजय के दाहिने हाथ की अंगुलियां उड़ गईं थीं। पूरा शरीर छर्रा लगने से जख्मी था। दीपक मामूली रूप से जख्मी है। परिजन अजय और दीपक को लेकर अस्पताल भागे। कॉल्विन अस्पताल से परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल चले गए। इंस्पेक्टर बचन सिंह सिरोही के मुताबिक घरवाले बच्चे को लेकर निजी अस्पताल गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।