नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर से बीए की छात्रा के अपहरण की खबर से गांव में खलबली मच गई। परिजनों ने कंट्रोल रूम को सूचना दिया तो नवाबगंज पुलिस हरकत में आई और सीओ सोरांव और एसओ नवाबगंज मौके पर पहुंच गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। तकरीबन पांच घंटे बाद सुबह लगभग साढ़े 11 बजे छात्रा ने घरवालों को फोनकर बताया कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर नैनी ग्लास फैक्ट्री के पास है। इस सूचना पर नवाबगंज पुलिस छात्रा को लेकर थाने पहुंची। छात्रा को अगवा करने वाले कौन हैं, यह पता नहीं चल सका है।
नवाबगंज इलाके में रहने वाले एक किसान की बीए पढ़ने वाली बेटी सुबह लगभग साढ़े छह बजे घर से पांच मीटर के अंतराल पर स्थित दूसरे घर पर बने शौचालय में शौच के लिए गई। वह घर के बाहर पहुंची थी कि बोलेरो सवार बदामशों ने सुनसान देख छात्रा के मुंह पर कपड़ा डालकर पीछे दबोच लिया। छात्रा ने विरोध की कोशिश की तो उसका मुंह कपड़ा ठूंसकर बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश भाग निकले।
काफी देर तक छात्रा घर नहीं पहुंची। मामला जवान बेटी का था, लिहाजा परिजन अपने स्तर पर तलाश में जुट गए। परिजनों को जब पता चला कि घर के पास सुबह सफेद बोलेरो दिखी थी तो वे सन्न रह गए। उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लगभग साढ़े नौ बजे छात्रा परिजनों ने सौ नंबर पर कंट्रोल रूम को खबर दी। सुबह के समय छात्रा के अपहरण की खबर सुनकर पुलिस अफसरों को नींद उड़ गई। नवाबगंज एसओ निशीकांत और सीओ सोरांव लाल प्रताप सिंह कुछ देर में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस घरवालों से पूछताछ कर बदमाशों के सुरागकशी कर ही रही थी कि लगभग साढ़े 11 बजे छात्रा का फोन परिजनों के पास आ गया। छात्रा ने बताया कि वह नैनी ग्लास फैक्ट्री के अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर पहुंच गई है। इस पर नवाबगंज पुलिस परिजनों के साथ वहां पहुंची और छात्रा को लेकर थाने आ गई। छात्रा ने बताया कि बोलेरो से आए पंाच बदमाशों ने उसे पीछे अगवा कर कुछ सुंघा दिया। नैनी ग्लास फैक्ट्री के पास बदमाश बोलेरो सड़क पर खड़ी कर चाय पीने लगे। तभी उसे होश आ गया और वह चुपके से उतरकर पास के गांव पहुंच गई फिर पिता को फोन कर सूचना दी। अपहरणकर्ता कौन थे। उसे क्यों अगवा किया इस बारे में छात्रा कुछ नहीं बता पा रही है। नवाबगंज पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। सीओ लालप्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा का मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराया जाएगा। उसके शरीर पर कई जगह खरोंच के निशान भी हैं।