फूलपुर के बलकरनपुर स्थित सरस्वती ग्रामीण हाईस्कूल में इंटरमीडिएट गणित की परीक्षा के दौरान नकल और हंगामा करने वाले 18 परीक्षार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। विद्यालय प्रबंधक की तहरीर पर बुधवार को फूलपुर कोतवाली में इन परीक्षार्थियों के खिलाफ सामूहिक नकल, धमकी, गालीगलौज के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई।
बलकरनपुर स्थित सरस्वती ग्रामीण हाईस्कूल में सोमवार को दूसरी पाली में गणित की परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन पर पैसे लेकर नकल कराने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि जिन्होंने पैसे दिए उन्हें नकल की छूट है और जो पैसे नहीं दे सके, उन पर सख्ती की जा रही है। इससे नाराज छात्रों और अभिभावकों ने कुछ कक्षाओं में घुसकर परीक्षा दे रहे 20-25 छात्रों की कॉपियां छीनकर फाड़ दी थीं और जमकर हंगामा किया था। फूलपुर संवाददाता के मुताबिक विद्यालय प्रबंधन ने इसकी सूचना एसडीएम और डीआईओएस को भी दे दी गई थी। साथ ही हंगामा करने वालों के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में तहरीर भी दी थी।
बुधवार को कोतवाली में 18 परीक्षार्थियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। प्रबंधक ने सामूहिक नकल के मामले में भी एफआईआर दर्ज कराई है। इसकी सूचना डीआईओएस को भी दी गई है। उन्होंने यूपी बोर्ड को रिपोर्ट भेजी है। अब इस केंद्र की परीक्षा निरस्त करने पर फैसला बोर्ड को लेना है।