थाना क्षेत्र के पंत संस्थान के पास रविवार की रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार पशु चिकित्सा अधिकारी की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी को मामूली चोट आई थी। हादसे की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चिकित्सक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा।
थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी योजना तीन के सेक्टर नौ निवासी सरजू प्रसाद के 45 वर्षीय बेटे डॉ. एसडी प्रसाद पशु चिकित्सा अधिकारी थे। वह इन दिनों रायबरेली के सलोन में तैनात थे। झूंसी पुलिस के मुताबिक रविवार की रात तकरीबन दस बजे वह पत्नी ऊषा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पंत संस्थान के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दंपत्ति छिंटककर दूर जा गिरे। हादसे में चिकित्सक डॉ. राकेश को गंभीर चोट आई थी। ऊषा को मामूली चोट आई थी। उधर, हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंची। चिकित्सक को गंभीर हालत में एसआरएन ले जाया गया लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सक के मौत की खबर उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पिता की मौत से उनकी एक बेटी और बेटे का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजन रोते-बिलखते मर्चरी पहुंचे थे।